खेल

FIFA World Cup 2026 : फिर चला मेस्सी का जादू, अर्जेंटीना ने मिस्र के जबड़े से छीन ली जीत, क्वार्टर फाइनल में धमाकेदार एंट्री

डेस्क: लियोनेल मेस्सी ने एक बार फिर अर्जेंटीना के लिये ‘संकटमोचक’ की भूमिका निभाई और मिस्र के खिलाफ 79वें मिनट तक दो गोल से पिछड़ रही मौजूदा चैम्पियन टीम को 3 . 2 से जीत के साथ विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। निर्धारित समय में 11 मिनट बाकी रहने तक अर्जेंटीना दो गोल से पिछड़ रहा था और ऐसा लगने लगा था कि कल क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद मेस्सी की फुटबॉल के महासमर से विदाई का समय आ गया है।
इसके बाद हालांकि अर्जेंटीना ने चमत्कारिक वापसी करते हुए तीन गोल दागकर जीत दर्ज की और दुनिया भर में उसके करोड़ों प्रशंसकों ने भी राहत की सांस ली। इसमें से बराबरी का गोल 83वें मिनट में छठा विश्व कप खेल रहे मेस्सी ने दागा था जिनके अब विश्व कप कैरियर में 21 गोल हो गए हैं। अब अर्जेंटीना का सामना शनिवार को कंसास सिटी में स्विटजरलैंड या कोलंबिया से होगा। आखिरी सीटी बजने के बाद मेस्सी अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने 83वें मिनट में इस विश्व कप में आठवां गोल करके टीम को 2 . 2 से बराबरी पर पहुंचाया। विजयी गोल स्टॉपेज टाइम में एंजो फर्नांडिस ने दागा। वहीं क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में अर्जेंटीना के लिये पहला गोल किया था।

जीत के बाद फर्नांडिस ने कहा ,” यह शानदार टीम है जो कभी हार नहीं मानती। कतर में विश्व कप जीतने के बाद चार साल बीत गए और हम यहां एक और विश्व कप जीतने आये हैं।” मिस्र ने यासिर इब्राहिम और मुस्तफा जिको के गोल के दम पर 2 . 0 से बढत बना ली थी। मेस्सी को पहले हाफ में मौका मिला था लेकिन उनकी पेनल्टी किक को मिस्र के गोलकीपर मुस्तफा शोबीर ने बचा लिया था। फिर जब स्कोर 1 . 0 था, तब उनका शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया। अर्जेंटीना की नजरें लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली ब्राजील (1958 और 1962) के बाद पहली टीम बनने पर है।

जीत के बाद भावुक हुए अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा ,” यह काफी भावुक करने वाला पल है। क्या टीम है।” मैच से पहले अर्जेंटीना को प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन 15वें मिनट में मिस्र ने बढत बना ली जब लिसांद्रो मार्तिनेज को चकमा देकर इब्राहिम ने मारवान आतिया के क्रॉस पर गोल दाग दिया।

अर्जेंटीना को तुरंत पेनल्टी स्पॉट के साथ बराबरी का मौका मिला लेकिन मेस्सी के शॉट को शोबीर ने बायीं ओर डाइव लगाकर बचा लिया। इससे पहले ग्रुप चरण में मेस्सी आस्ट्रिया के खिलाफ पेनल्टी पर चूके थे। विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल अपने नाम कर चुके मेस्सी टूर्नामेंट में आठ में से चार पेनल्टी किक पर गोल करने में नाकाम रहे हैं। मिस्र ने दूसरे हाफ में जिको के गोल पर बढत दुगुनी कर ली थी लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद वह गोल अमान्य करार दिया गया। जिको ने ही 67वें मिनट में हालांकि मिस्र के लिये दूसरा गोल दागा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *