खेल

एम्बाप्पे ने नस्लीय टिप्पणी पर पराग्वे के सांसद को फटकारा, पराग्वे सरकार ने सीनेटर की ‘घृणित’ टिप्पणी को किया खारिज

डेस्क:नई दिल्ली । फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे और फ्रेंच फुटबॉल महासंघ (एफएफएफ) ने पराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमारिला द्वारा की गई नस्लीय टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। दोनों ने अमारिला को “घृणित” और “सार्वजनिक पद के अयोग्य” बताया। यह विवाद फ्रांस और पराग्वे के बीच खेले गए फीफा विश्व कप के प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले के बाद एम्बाप्पे की मूल उत्पत्ति का मजाक उड़ाते हुए की गई उनकी “आपत्तिजनक और घृणित” नस्लीय टिप्पणी के कारण सामने आया। पराग्वे की लिबरल रेडिकल पार्टी की सीनेटर सेलेस्टे अमारिला ने विश्व कप के प्री-क्वार्टरफाइनल में फ्रांस से अपनी टीम की हार के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह विवादित टिप्पणी की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए किलियन एम्बाप्पे ने कहा, “आप एक घृणित महिला हैं और अपने पद के योग्य नहीं हैं। आप पराग्वे का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं, उस देश का जिसने पूरे टूर्नामेंट में जुनून और सम्मान के साथ खेला।”
उन्होंने आगे कहा, “आपकी गैर-जिम्मेदाराना हरकत और खुलेआम किए गए नस्लवाद के कारण पूरी दुनिया अब उस ऐतिहासिक सफर और शानदार प्रदर्शन को भूल चुकी है, जो पराग्वे के खिलाड़ियों ने इस विश्व कप में किया। उसकी जगह अब एक अयोग्य महिला की छवि सामने है, जो अपने देश की सबसे खराब तस्वीर पेश कर रही है।”
एम्बाप्पे ने कहा, “मैं कभी भी ऐसे लोगों को दुनिया भर में नफरत और नस्लवाद फैलाने की आजादी नहीं दूंगा।”
फ्रेंच फुटबॉल महासंघ (एफएफएफ) ने भी पराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमारिला की नस्लीय टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें “पूरी तरह घृणित और अस्वीकार्य” बताया।
एफएफएफ ने अपने बयान में कहा, “कोई इस तरह की बातें कैसे कर सकता है? ये टिप्पणियां आपराधिक और निंदनीय हैं। इन पर यहां और अन्य जगहों पर भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। एफएफएफ न्यायिक कार्रवाई के उद्देश्य से अभियोजक कार्यालय में शिकायत दर्ज करा रहा है। फ्रांस की राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी फ्रांस का प्रतिनिधित्व करते हैं और यह हमारे देश का अपमान है।”
हालांकि, पराग्वे सरकार ने भी सीनेटर सेलेस्टे अमारिला की विवादित टिप्पणियों से खुद को अलग करते हुए उन्हें शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और मानवीय गरिमा के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया।
सरकार ने आधिकारिक बयान में कहा कि सीनेटर के विचार न तो सरकार के हैं और न ही पराग्वे के नागरिकों के।
बयान में कहा गया, “पराग्वे गणराज्य की सरकार फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कप्तान किलियन एम्बाप्पे के खिलाफ सीनेटर सेलेस्टे अमारिला द्वारा की गई टिप्पणियों की निंदा और अस्वीकृति करती है। ये हमारे देश द्वारा प्रोत्साहित शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और मानवीय गरिमा के सम्मान जैसे मूल्यों और सिद्धांतों के खिलाफ हैं।”
सरकार ने आगे कहा, “उक्त सांसद के बयान पूरी तरह उनके व्यक्तिगत विचार हैं और किसी भी तरह से पराग्वे सरकार या पराग्वे की जनता की आधिकारिक राय का प्रतिनिधित्व नहीं करते।”
बयान में यह भी कहा गया कि पराग्वे सरकार मानवाधिकारों, समानता और आपसी सम्मान को बढ़ावा देने के साथ-साथ नस्लवाद, विदेशी-विरोध, असहिष्णुता तथा किसी भी प्रकार की नफरत और भेदभाव के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।
सरकार ने अंत में कहा कि वह इन टिप्पणियों से आहत हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती है और फ्रांस की जनता के प्रति सम्मान दोहराती है, जिसके साथ पराग्वे के ऐतिहासिक मित्रता, सहयोग और आपसी समझ के संबंध रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टरफाइनल में एम्बाप्पे ने पेनल्टी पर गोल कर टूर्नामेंट में अपना सातवां गोल दागा। फ्रांस ने दो बार के विश्व चैंपियन के रूप में पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में मोरक्को से मुकाबला तय किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *