राष्ट्रीय

SIR ड्यूटी ने ली 26 साल की अफसर की जान? रातभर काम, सुबह हादसा… गुस्से में उतरे कर्मचारी

डेस्क: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लगी 26 वर्षीय ग्राम प्रशासनिक अधिकारी की सड़क हादसे में शनिवार (4 जुलाई) को मौत हो गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार एक ट्रक ग्राम प्रशासनिक अधिकारी के दोपहिया वाहन से टकरा गया था. इस घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने रातभर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एसआईआर के दौरान काम के अत्यधिक दबाव के कारण उनकी जान चली गई.ग्राम प्रशासनिक अधिकारी भुवना बूथ स्तरीय अधिकारियों की पर्यवेक्षक थीं.
बेंगलुरु ग्रामीण जिले के नीलामंगला तालुक के वरदनायकनहल्ली गांव की रहने वाली भुवना को गुलुरु के पास कुनिगल रोड पर हुए हादसे में सिर में गंभीर चोटें आईं और बाद में सिद्धागंगा अस्पताल में उनकी मौत हो गई. उनके परिजन रमेश के अनुसार, वह शुक्रवार देर रात तक हुई एसआईआर से जुड़ी समीक्षा बैठक में शामिल होने के बाद, सुबह करीब 6.30 बजे फील्ड ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं.

इस घटना से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया. कर्मचारियों ने तुमकुरु उपायुक्त कार्यालय के बाहर रात भर विरोध-प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार दबाव के कारण यह दुखद घटना हुई.प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा फील्ड स्तर के कर्मचारियों पर अत्यधिक कार्यभार कम करने की मांग की है
परिवार वालों ने भुवना की मौत के लिए काम के भारी दबाव को भी ज़िम्मेदार ठहराया.रमेश ने कहा कि एसआईआर की ड्यूटी की वजह से वह काफी तनाव में थी.उन्होंने कहा, ‘ कल वह यह कहकर घर से निकली थी कि वह बहुत ज़्यादा दबाव में है. हम एसआईआर के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन कर्मचारियों के काम के घंटे तय होने चाहिए. उनसे हद से ज़्यादा काम करवाया जा रहा है और फ़ील्ड विज़िट पूरी करने का उन पर बहुत ज़्यादा दबाव है. एक ही कर्मचारी पर बहुत ज़्यादा ज़िम्मेदारी डाल दी गई थी, और इसका असर विभाग के सभी लोगों पर पड़ रहा है.’
रमेश ने भुवना के भविष्य के लिए परिवार की योजनाओं को याद करते हुए कहा कि उसकी शादी की योजना थी और रिश्तेदारों ने हाल में उसके लिए अच्छा रिश्ता ढूंढना शुरू कर दिया था. उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद थी कि उसे एक अच्छा परिवार मिलेगा और उसकी शादी हो जाएगी. लेकिन आज हम उसके नहीं होने शोक मना रहे हैं.’राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि अगर एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों पर बहुत ज़्यादा काम का दबाव डालने के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन तेज़ कर देंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *