
दरभंगा। राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने शनिवार को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा डॉ. मुरली मनोहर जोशी भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक एवं संगठनात्मक यात्रा के प्रमुख शिल्पकारों में रहे हैं। संस्थापक महासचिव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान की। उनके नेतृत्व, त्याग और वैचारिक प्रतिबद्धता का परिणाम है भाजपा आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित है। उन्होंने कहा डॉ. जोशी ने केंद्र सरकार में मानव संसाधन विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा समुद्र विकास मंत्री के रूप में भी उल्लेखनीय कार्य किया। शिक्षा, विज्ञान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। राज्यसभा सांसद ने कहा डॉ. मुरली मनोहर जोशी जैसे तपस्वी नेताओं का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनसे प्राप्त मार्गदर्शन जनसेवा और संगठन के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
