उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा से पहले नोएडा पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

डेस्क:नोएडा । आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को सेंट्रल नोएडा जोन के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस दौरान एसीपी-1 दीक्षा सिंह ने पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी दीक्षा सिंह ने कांवड़ मार्ग का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, जाम या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। एसीपी दीक्षा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने और प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके। अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के लिए भी कहा गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, साथ ही कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रित एवं सुचारु बनाए रखना भी प्राथमिकता में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *