खेल

फीफा वर्ल्ड कप: कनाडा ने रचा इतिहास, पहली बार अंतिम 16 में जगह पक्की की, साउथ अफ्रीका बाहर

डेस्क:नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 के पहले मुकाबले में कनाडा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 1-0 से हराया। लॉस एंजिलिस स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ ही कनाडा ने इतिहास रचा। टीम ने विश्व कप में पहली बार अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। मैच की शुरुआत से ही साउथ अफ्रीका कनाडा पर हावी नजर आई, और टीम ने लगातार आक्रामक खेल के बूते डिफेंस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। साउथ अफ्रीका की ओर से कुछ अच्छे मूव देखने को मिले, लेकिन टीम इन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी। दूसरी ओर, कनाडा के पास पहले हाफ के अंतिम मिनटों में गोल करने के दो बढ़िया मौके आए, पर टीम इन मौकों को भुना नहीं सकी। मोइज बॉम्बिटो के शानदार हेडर को साउथ अफ्रीका के डिफेंडर ऑब्रे मॉडिबा ने गोललाइन के पास से क्लियर किया, जबकि ताजोन बुकानन के बेहतरीन शॉट का गोलकीपर रोनवेन विलियम्स सफलतापूर्वक बचाव करने में सफल रहे। पहले हाफ में दोनों टीमों की तरफ से कोई भी गोल नहीं हो सका।
दूसरे हाफ में साउथ अफ्रीका के मुकाबले कनाडा की टीम ज्यादा आक्रामक अंदाज में खेलती हुई नजर आई। टीम ने साउथ अफ्रीका के गोल पर एक के बाद एक हमले किए। हालांकि, साउथ अफ्रीका के मजबूत डिफेंस ने कनाडा को बढ़त लेने नहीं दी। मैच के 75वें मिनट में कनाडा ने बड़ी चाल चलते हुए स्टार खिलाड़ी अल्फोंसो डेविस को मैदान पर उतारा। डेविस ने मैदान पर आते के साथ ही अपनी रफ्तार और बेहतरीन ड्रिब्लिंग के बूते साउथ अफ्रीका के डिफेंस पर दबाव बनाया।
मैच अतिरिक्त समय की तरफ बढ़त हुआ दिख रहा था, लेकिन तभी इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में कनाडा के कप्तान स्टीफन यूस्टाक्वियो ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाया, जो सीधा गोल पोस्ट में पहुंचा। स्टीफन का यह गोल निर्णायक साबित हुआ और उन्होंने सह-मेजबान टीम के फैंस को झूमने का मौका दिया। राउंड ऑफ 32 के बाद कनाडा ने पहली बार अंतिम 16 में अपना स्थान पक्का किया है। इससे पहले, 1986 और 2022 में कनाडा विश्व कप खेलने उतरी थी, लेकिन दोनों ही बार टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *