डेस्क:अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी माने जाने वाले रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत आठ आरोपियों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनसे पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड की मांग करेगी। इस मामले में गुरुवार शाम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली एफआईआर दर्ज की गई। प्राथमिकी में टिन्नू यादव, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा को नामजद किया गया है। आरोप है कि इनमें से अधिकांश लोग मंदिर में चढ़ावे की गिनती और दान प्रबंधन से जुड़े थे। हालांकि, एफआईआर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
गौरतलब है कि चढ़ावे में अनियमितता का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंपी, जो राम मंदिर ट्रस्ट के पदेन सदस्य भी हैं।
मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

