खेल

फीफा वर्ल्ड कप: ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से रौंदा, नॉकआउट स्टेज में बनाई जगह

डेस्क:मियामी । ब्राजील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने दो गोल दागे, जबकि मैथियस कुन्हा ने एक गोल किया। इस मुकाबले में नेमार की लंबे समय बाद ब्राजील की टीम में वापसी हुई। ब्राजील ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और स्कॉटलैंड पर लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के छठे मिनट में ही ब्राजील ने 1-0 की बढ़त हासिल की। स्कॉटलैंड के डिफेंस से हुई गलती का फायदा उठाते हुए विनीसियस जूनियर ने शानदार गोल दागा। विनीसियस ने यह टूर्नामेंट का अपना चौथा गोल दागा और वह इस गोल के साथ ही गोल्डन बूट की रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने किलियन एम्बाप्पे और एरलिंग हालैंड की बराबरी कर ली है। पहले गोल के बाद भी ब्राजील का दबदबा जारी रहा। विनीसियस ने एक और गोल किया था, लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वीएआर) की जांच के बाद उसे फाउल करार देते हुए रद्द कर दिया गया। हालांकि, पहले हाफ के अतिरिक्त समय में विनीसियस ने हाथ आए मौके को भुनाया और ब्राजील को मैच में 2-0 से आगे कर दिया। ब्रूनो गिमाराइश के बेहतरीन क्रॉस पर विनीसियस ने शानदार हेडर मारते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया।
स्कॉटलैंड ने मैच में वापसी करने की कई बार कोशिश की, लेकिन वह ब्राजील के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सका। ब्राजील का तीसरा गोल मैथियस कुन्हा ने किया। ब्रूनो गुइमारेस के बेहतरीन पास पर कुन्हा ने शानदार फिनिश करते हुए टीम की बढ़त 3-0 कर दी। इस गोल ने ब्राजील की जीत पर मुहर लगाने का काम किया।
3-0 की बढ़त बनाने के बाद लगभग तीन साल बाद नेमार ब्राजील की जर्सी में मैदान पर उतरे। नेमार पूरी तरह से फिट और अच्छी लय में दिखाई दिए। इस जीत के साथ ही ब्राजील ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम ग्रुप सी में पहले स्थान पर रही और अब 30 जून को टीम का सामना ग्रुप एफ की उपविजेता से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *