बिहार

मेरे भाई के हत्यारे फैसल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक : रोशन आनंद

डेस्क:सहरसा । बिहार के चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर पर एक बार फिर ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद ने अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है। सहरसा में मीडिया से बातचीत के दौरान रोशन आनंद ने कहा कि अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट साफ नहीं है। विसरा रिपोर्ट बाद में आएगी, जिसके बाद चीजें और साफ हो पाएंगी। उन्होंने कहा कि लोग कुछ भी मान सकते हैं, लेकिन हमारा मानना है कि हमारे भाई के हत्यारे फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद हैं। उन्हीं की वजह से मीडिया में झूठे बयान दिए गए और हमारे खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया। हमारी गिरफ्तारी हुई, जिससे हमारा भाई बहुत परेशान था। वह इधर-उधर भागता रहा। हमें जमानत भी नहीं मिल रही थी, जिससे उसे बहुत मानसिक तनाव हुआ। हमारा मानना है कि यह घटना 2 जून की रात 10 बजे हुई घटना से जुड़ी है। हमारे भाई की हत्या उसी घटना से जुड़ी है और हम इसके लिए फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक को जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने कहा कि सच सामने आने में थोड़ा समय जरूर लग सकता है लेकिन यह बात आगे जरूरी साबित होगी। उन्होंने कहा कि अगर आप ऊपर से नीचे तक पूरे प्रशासनिक सिस्टम को देखें, तो रवैया पक्षपातपूर्ण रहा है। यह घटना 2 जून को रात 10 बजे हुई थी। आधी रात के आसपास एफआईआर दर्ज की गई और चार घंटे के भीतर मुझे जेल भेज दिया गया। वह भी एक ऐसे मामले में जिसे मैं झूठा मानता हूं। दूसरी ओर, फैसल खान के खिलाफ 4 जून को एक सही एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रशासन के पास उसे गिरफ्तार करने के लिए 48 से 72 घंटे थे, फिर भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। जब मुझे गिरफ्तार किया जा रहा था, तो कदमकुआं पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने मुझसे कहा, ‘हम तुम्हें बर्बाद कर देंगे, सड़क पर ला देंगे और भीख मांगने पर मजबूर कर देंगे।’ काफी हद तक वे ऐसा करने में सफल भी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम सिस्टम से न्याय की उम्मीद करते हैं लेकिन अगर सिस्टम न्याय नहीं देता है, तो हमें भगवान पर भरोसा है। अगर कोई और न्याय नहीं देता, तो भगवान और प्रकृति न्याय करेंगे। पहले दिन से लेकर अब तक प्रशासन ने दोहरा रवैया अपनाया है। हमारी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आपके माध्यम से हम प्रशासन को बताना चाहते हैं कि वे जानते हैं कि हमारे साथ कैसा व्यवहार किया गया। कोई दूसरों से झूठ बोल सकता है, लेकिन खुद से नहीं। पुलिस रक्षक होती है लेकिन आज के समय में भक्षक की भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से हमें आशा है और सीएम सम्राट चौधरी से उम्मीद है कि इन लोगों के द्वारा हमें न्याय मिलेगा। हम भी भारत के आम नागरिक हैं, सरकार को सहयोग करते हैं। हमें न्याय चाहिए, हम यही गुहार लगाते हैं, मेरे भाई की हत्या की निष्पक्ष जांच हो। दोषी कोई भी हो, कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *