डेस्क:पटना । जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व निजी सहायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोतीलाल राय को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन को भी भंग करने की घोषणा की है। इस संबंध में तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर जानकारी दी। तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद पर कार्यरत मोतीलाल राय को तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है। उन्होंने बताया कि साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन को भंग किया जाता है। शीघ्र ही नए सिरे से पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन का गठन किया जाएगा। पार्टी को मजबूत और व्यवस्थित बनाने के लिए पुनर्गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। अपने पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सोमवार देर रात पटना स्थित उनके आवास 42ए, हार्डिंग रोड से मोतीलाल राय कई कीमती सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकद राशि लेकर फरार हो गया। तेज प्रताप के अनुसार, मोतीलाल राय कथित तौर पर दीवार फांदकर घर से बाहर निकला और सामान लेकर भाग गया। इसी घटना के बाद उसके खिलाफ पार्टी स्तर पर कार्रवाई करते हुए उसे राष्ट्रीय महासचिव पद से निष्कासित कर दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी तेज प्रताप यादव ने मोतीलाल राय के खिलाफ चोरी का आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में नकद राशि, महत्वपूर्ण कागजात और अन्य कीमती वस्तुओं के गायब होने का उल्लेख किया गया था। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। तेज प्रताप यादव के इस फैसले को पार्टी के भीतर एक बड़े संगठनात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इस कदम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, पार्टी संगठन को भंग कर नए सिरे से गठन करने की घोषणा से यह संकेत मिल रहा है कि जनशक्ति जनता दल में आने वाले दिनों में व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकता है। मोतीलाल राय की पत्नी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि राजद से निष्कासित किये जाने के बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल नाम की नई पार्टी बनाई थी।

