उत्तर प्रदेश

लखनऊ अग्निकांड : हादसे में जान गंवाने वालों की सूची आई सामने, दो का जारी है इलाज

डेस्क:लखनऊ। सोमवार को लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 15 लोगों की जान चली गई और दो घायलों का केजीएमयू में इलाज जारी है। इस हादसे में लखनऊ के जानकीपुरम थाना गुडंबा के शाहजान, आलमबाग के सुखमनी सिंह, सीतापुर के आदित्य श्रीवास्तव, ज्वानिल चक्रवर्ती, गुडंबा के सागर पंत, हजरतगंज के नीलेश, कानपुर नगर के सय्यम, भविष्य, चिनहट की ज्योति, शहादतगंज के अब्दुल रहमान, न्यू अलीपुर कोलकाता की अनामिका सामंत, बाराबंकी के मो. अम्मार, उतरेठिया लखनऊ के अनुच्छा और दक्षिणी 24 परगना, बंगाल की सोमाल्या की जान चली गई। वहीं, इस हादसे में अलीगंज, लखनऊ की रहने वाली लवप्रीत और ऐशबाग, लखनऊ के रहने वाले जयंत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज केजीएमयू में चल रहा है।
हादसे के बाद सरकार की ओर से एक्शन तेज कर दिया गया है। इमारत के मालिक समेत 4 नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बीएनएस की 105, 110, 125 और 3(5) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से लापरवाही की जांच शुरू की गई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। अग्निकांड में चार आरोपी निलंबित कर दिए गए हैं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
निलंबित किए गए अधिकारियों में गौरव कुमार, एक्सईएन कलेक्शन जानकीपुरम, कमलेन्द्र कुमार सिंह, एफएसएसओ इंदिरा नगर, अनिल कुमार, सहायक अभियंता (एई) और प्रमोद पांडे, जूनियर इंजीनियर (जेई) शामिल हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इन अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की गई।
सोमवार को पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में रामकृष्ण उपाध्याय (43 वर्ष), वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला (62 वर्ष), और तुषॉक कृष्णा जायसवाल (31 वर्ष) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *