डेस्क:लखनऊ । कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने सांसद शशि थरूर पर निशाना साधा है। कश्मीर की प्रशंसा किए जाने पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि अगर शशि थरूर को पहलगाम की आतंकी घटना दिखाई नहीं दी तो उन्हें कोई अंतरराष्ट्रीय दृष्टि भ्रम हो गया है। दरअसल, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने राज्य के हालात और सामान्य स्थिति होने की बात रखी थी। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “कोई भी सांसद हो, उसे पार्टी की विचारधारा का पालन करना होता है। अगर शशि थरूर को पहलगाम की आतंकी घटना दिखाई नहीं दी तो उन्हें कोई अंतरराष्ट्रीय दृष्टि भ्रम हो गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोई बात रखने के लिए बयान दिया होगा, लेकिन निश्चित तौर पर आपको पहलगाम की घटना याद होगी।”
सुरेंद्र राजपूत ने आगे कहा, “पहलगाम की घटना भाजपा के शासनकाल में हुई। क्या 370 हटने के बाद ये शांति के प्रतीक हैं? जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं है। वहां का मुख्यमंत्री सिर्फ एक मेयर के तरीके से काम कर रहा है। क्या आप पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “शशि थरूर को नेतृत्व के साथ और कश्मीरी लोगों के हितों की बातें करनी चाहिए। अपने अंतरराष्ट्रीय दृष्टि भ्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तरों पर ही रखें।”
इसी बीच, नितिन नवीन के पंजाब में भाजपा सरकार बनाने के दावों पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “लोकतंत्र में कहीं भी सरकार बन सकती है, लेकिन भाजपा इतनी माहिर है कि वह बिना लड़े आज भी सरकार बना सकती है। जिस तरह से टीएमसी और शिवसेना के सांसदों को तोड़ा गया, उसी तरह पंजाब में विधायकों को तोड़कर सरकार बना सकते हैं। सच्चाई यह है कि भाजपा ने लोकतंत्र को कुचलकर रख दिया है।”
गृह मंत्री अमित शाह को असदुद्दीन ओवैसी के पत्र को लेकर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “ओवैसी, आप मुसलमानों को कितना मूर्ख बनाएंगे। अगर आपमें हिम्मत है तो कोर्ट जाकर स्टे ऑर्डर लाएं, लेकिन आप खुद भाजपा के संरक्षण में हैं। आपके संरक्षण में ही मस्जिदें तोड़ी जा रही हैं। हालांकि, कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ाई लड़ रही है।”
अंडमान-निकोबार को लेकर राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू के आरोपों के बाद कांग्रसे प्रवक्ता ने कहा, “अगर परियोजना के नाम पर आप करोड़ों पेड़ काट रहे हैं, परियोजना के नाम पर देश-विदेश के उद्योगपतियों को वहां की जमीन मुफ्त में दे रहे हैं, वहां के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं तो निश्चित तौर पर इस बारे में जागरुकता फैलाने के लिए राहुल गांधी ने दौरा किया था।

