खेल

10 घंटे 6 मिनट में आयरन मैन फ्रांस फिनिश का जयपुर के राजेंद्र भास्कर ने रचा इतिहास

डेस्क:राजस्थान के जाने-माने ट्रायथलीट राजेन्द्र भास्कर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर आयरनमैन का ख़िताब अपने नाम कर लिया है। उन्होंने ये ख़िताब फ्रांस के टूर्स मेट्रोपोल लॉयर वैली में आयोजित प्रतिष्ठित आयरनमैन प्रतियोगिता को 10 घंटे 6 मिनट 31 सेकंड में पूरा कर हासिल किया। राजेन्द्र ने 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर मैराथन दौड़ सहित कुल 226 किलोमीटर की चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस रेस में 90 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में राजेन्द्र ने तैराकी में 1 घंटा 27 मिनट 55 सेकंड, साइकिलिंग 5 घंटे 00 मिनट 18 सेकंड तथा मैराथन दौड़ 3 घंटे 26 मिनट 53 सेकंड में पूरी की। उनका कुल समय 10:06:31 रहा। इससे पहले राजेन्द्र वर्ष 2019 में तुर्की में आयोजित आयरन मैन 70.3 प्रतियोगिता में 4 घंटे 29 मिनट का समय निकालकर राजस्थान के सबसे तेज हाफ आयरन मैन बने थे। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में भी राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया हुआ है तथा चेन्नई ट्रायथलॉन के विजेता भी रह चुके हैं। भास्कर राजस्थान के सबसे तेज़ आयरन मैन और भारत में टॉप 5 में शामिल है। राजेन्द्र इससे पहले सोलर साइकिल से 7,424 किलोमीटर की यात्रा तथा फ्रांस, स्विट्जरलैंड समेत कई देशों में 3,500 किलोमीटर की साइकिल यात्रा के दौरान विश्वविद्यालयों में व्याख्यान देकर स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे चुके हैं। आईआईटी मुंबई से एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक करने वाले राजेन्द्र वर्तमान में हेल्थ टेक क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनका अगला लक्ष्य विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 घंटे की बाधा को तोड़कर और बेहतर प्रदर्शन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *