उत्तर प्रदेश

यूपी: व्यापारी परिवार को बंधक बनाकर लूट करने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

डेस्क:लखनऊ । उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक व्यापारी परिवार को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। अपराधी के पास से लूट के 7.92 लाख रुपए भी बरामद हुए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। हापुड़ के डीएसपी वरुण मिश्रा के अनुसार, एक जून को मोहल्ला गिरधारीनगर में शहर के एक नामी व्यापारी नरेंद्र के घर पर डकैती हुई थी। अपराधियों ने व्यापारी के परिवार और चौकीदार को बंधकर बनाकर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में एक अपराधी की पहचान मोहित के रूप में हुई, जिस पर डीआईजी मेरठ रेंज की ओर से 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। व्यापारी के घर हुई लूट की घटना में मोहित लगातार फरार चल रहा था। इसी बीच, एक सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पास से 1.92 लाख रुपए की नकदी के अलावा तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। अभी मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
इससे पहले, लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे पर हुई 5 लाख रुपए की लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूटी गई धनराशि में से 4.15 लाख रुपए बरामद हुए। अधिकारियों ने बताया कि 11 जून को बीकेटी थाना क्षेत्र के बख्शी का तालाब स्थित किसान पथ के पास लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने एक वाहन को ओवरटेक कर असलहों से फायरिंग करते हुए बैग में रखी लगभग 5 लाख रुपए की धनराशि लूटी थी।
घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। गुरुवार देर शाम पुलिस ने मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *