उत्तर प्रदेश

राम मंदिर दान पात्र विवाद: परमहंसाचार्य ने की राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नार्को टेस्ट की मांग

डेस्क:अयोध्या । अयोध्या में राम मंदिर दान पात्र विवाद को लेकर तपस्वी छावनी पीठ के जगद्गुरु परमहंसाचार्य ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दोनों नेताओं का नार्को टेस्ट कराए जाने की मांग भी की है। जगद्गुरु परमहंसाचार्य ने आईएएनएस से कहा कि मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी अपना काम कर रही है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी, लेकिन जब तक राहुल गांधी और अखिलेश यादव का नार्को टेस्ट नहीं कराया जाएगा, तब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आ सकेगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव कभी राम मंदिर नहीं आए, फिर उन्हें यह जानकारी कैसे मिल गई कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी हुई है। परमहंसाचार्य ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सनातन आस्था को बदनाम करने के उद्देश्य से इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, लखनऊ में जमीयत हिमायतुल इस्लाम के अध्यक्ष मौलाना कारी अबरार जमाल ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के एसआईटी संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आरोप लगाना होता है और वह अपनी भूमिका निभा रहा है। लेकिन उनके अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में व्यापक विकास कार्य हुए हैं।
मौलाना अबरार जमाल ने कहा कि आज विकास की बदौलत उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ बन गई है, और राज्य लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि भाजपा सरकार आईआईटी बनाने के बजाय एसआईटी बनाने में अधिक व्यस्त है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई।
राम मंदिर दान राशि विवाद की जांच जहां एसआईटी कर रही है, वहीं इस मामले को लेकर संत समाज, राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *