15 जून को बीएड (नियमित) में 11 बजे से आयोजित शिविर में सभी रक्तदाताओं को दिया जाएगा डोनर कार्ड एवं प्रमाण-पत्र

दरभंगा : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के बी एड (नियमित) की एनएसएस इकाई एवं विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केन्द्र के संयुक्त तत्त्वावधान में “विश्व रक्तदाता दिवस” के अवसर पर 15 जून, 2026 को 11:00 बजे से “स्वैच्छिक रक्तदान शिविर” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी रक्तदाताओं को डीएमसीएच, दरभंगा की ओर से डोनर कार्ड तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। शिविर आयोजन की तैयारी के उद्देश्य से बी एड के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द कुमार मिलन की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक हुई, जिसमें चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गीतेन्द्र ठाकुर, एनएसएस के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. आरएन चौरसिया, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. उदय कुमार, अमित कुमार झा, अशोक चौधरी, संजय कुमार तथा समरेश कुमार आदि ने भाग लिया।

डॉ. अरविन्द कुमार मिलन ने बताया कि रक्त संचय हेतु डीएमसीएच, दरभंगा के रक्त अधिकोष के प्रभारी डॉ. संजीव कुमार को पत्र दे दिया गया है। शिविर संयोजक डॉ. आरएन चौरसिया ने बताया कि उक्त स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के उद्घाटन हेतु कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी से आग्रह किया जाएगा। डॉ. गीतेन्द्र ठाकुर ने बताया कि कोई भी 18 से 65 वर्ष के स्वस्थ व्यक्ति इस शिविर में स्वैच्छा से रक्तदान कर सकते हैं। बीएड के एनएसएस पदाधिकारी डॉ. उदय कुमार ने बताया कि इस शिविर में रक्तदान करने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 7870 189541 पर संपर्क कर अपना पंजीयन कर सकते हैं।

