राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा में छात्रों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। एनटीए ने परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है।

एजेंसी का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष, सुरक्षित और अभ्यर्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाना है। बता दें कि 21 जून को देशभर में आयोजित की जाने वाली NEET UG 2026 परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसी के साथ रफ वर्क के लिए भी पहले से ज्यादा जगह दी जाएगी। परीक्षा अवधि बढ़ाने और रफ वर्क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने से छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम होगा। इससे वे प्रश्नों को अधिक ध्यानपूर्वक पढ़कर बेहतर ढंग से हल कर सकेंगे।
बढ़ाई गई परीक्षा की अवधि
NTA के अनुसार, उम्मीदवारों से वर्षों से मिल रहे फीडबैक को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की कुल अवधि बढ़ा दी गई है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। यानी छात्रों को कुल 195 मिनट का समय मिलेगा। पहले की तुलना में यह बदलाव अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान बेहतर समय प्रबंधन का अवसर देगा।
रफ वर्क के लिए ज्यादा जगह
इसके अलावा, NEET UG 2026 के प्रश्नपत्र बुकलेट में रफ वर्क के लिए उपलब्ध स्थान भी बढ़ाया गया है। गणना आधारित प्रश्नों को हल करने के दौरान छात्रों को अक्सर अतिरिक्त जगह की जरूरत पड़ती है। ऐसे में यह बदलाव विशेष रूप से फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों के अभ्यर्थियों के लिए लाभदायक माना जा रहा है।
अभ्यर्थियों को राहत
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस अतिरिक्त समय में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य अनिवार्य परीक्षा औपचारिकताओं के लिए लगने वाला समय भी शामिल है। नई व्यवस्था के तहत यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि अभ्यर्थी प्रश्नपत्र हल करने के लिए निर्धारित समय का पूरा उपयोग कर सकें।
NEET UG 2026 में किए गए ये बदलाव लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए राहत भरे कदम माने जा रहे हैं, जिससे परीक्षा अनुभव अधिक सहज और छात्र-केंद्रित बनने की उम्मीद है। पिछले कुछ वर्षों में NEET परीक्षा की पारदर्शिता और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर कई सुझाव सामने आए थे। NTA लगातार परीक्षा प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सुधारात्मक कदम उठा रही है।

