राष्ट्रीय

रेखा गुप्ता बोलीं- प्रधानमंत्री मोदी ने बिना छुट्टी लिए देश की सेवा की, बनाया नया रिकॉर्ड

डेस्क:मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर बुधवार को उत्तरी दिल्ली की किशनगंज गौशाला का दौरा किया और एक मंदिर में पूजा-अर्चना की। गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि आज वह (मोदी) सबसे लंबे समय तक पद रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं और वह बिना एक भी दिन की छुट्टी लिए, देश की सेवा कर रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि करोड़ों लोग प्रधानमंत्री मोदी के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं, जिन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि हर कोई देश का सम्मान बढ़ाने और विकसित भारत के उनके दृष्टिकोण के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता है, जिसके लिए वह निरंतर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं के केंद्र में महिलाएं हैं, चाहे वह देशभर में शौचालयों को बढ़ावा देकर उन्हें सम्मान देना हो या उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी सिलेंडर मुहैया कराकर उनके जीवन को आसान बनाना हो।

गुप्ता ने कहा, इस अवसर पर मैं देश की महिलाओं की ओर से भी उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं। मोदी ने 10 जून को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *