अन्य

भारत दौरे पर पहुंचीं वेनेजुएला की राष्ट्रपति, पीएम मोदी से आज अहम मुलाकात

नई दिल्ली: वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज भारत दौरे पर दिल्ली पहुंच चुकी हैं। गुरुवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में अहम द्विपक्षीय बैठक होने वाली है। इस हाई लेवल मीटिंग पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है, क्योंकि बातचीत का केंद्र ऊर्जा सुरक्षा, तेल व्यापार और निवेश रहने वाला है।

राष्ट्रपति रोड्रिगेज सबसे पहले विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात करेंगी। इसके बाद पीएम मोदी के साथ दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इस दौरान ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, हेल्थकेयर, ट्रांसपोर्ट और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर बड़े फैसले हो सकते हैं।

भारत और वेनेजुएला के बीच तेल व्यापार लगातार मजबूत हुआ है। भारत फिलहाल वेनेजुएला के कच्चे तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीददार बन चुका है। मई 2026 तक भारत रोजाना करीब 4.27 लाख बैरल तेल आयात कर रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत कई भारतीय कंपनियां वेनेजुएला के ऊर्जा सेक्टर में निवेश बढ़ाने की तैयारी में हैं।

इस मुलाकात को अमेरिका की राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी वेनेजुएला को लेकर सख्त रुख अपना चुके हैं। ऐसे में भारत और वेनेजुएला की बढ़ती नजदीकियां वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन गई हैं।

दिल्ली दौरे के दौरान राष्ट्रपति रोड्रिगेज राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी देंगी। माना जा रहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा दे सकती है और आने वाले समय में व्यापार व ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करेगी।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *