डेस्क:जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क और उनके स्लीपर सेल के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर’ (CIK) इकाई ने घाटी के छह अलग-अलग जिलों में एक साथ बड़ी छापेमारी की। यह कार्रवाई आतंकवाद और पाकिस्तानी फंडिंग से जुड़े एक दशक पुराने मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में मिले ताजा खुफिया इनपुट, तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) और जारी तफ्तीश के आधार पर घाटी के छह जिलों में आठ संदिग्ध ठिकानों की पहचान की गई थी, जहां बुधवार तड़के एक साथ दबिश दी गई।

