दरभंगा : यहां एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मुर्गी फार्म में काम करने वाले मजदूर ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना पतोर थानाक्षेत्र के चंदनपट्टी बगाही गांव की बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी फूल कुमारी दास, उनके पुत्र ह्रदय दास, पुत्री संध्या दास और सोन दास के रूप में हुई है। आरोपी संदीप दास अपने पूरे परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर संदीप दास ने लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर कमरे में चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था और दृश्य बेहद भयावह था, जिसे देखकर ही घटना की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मीडिया को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी उसे कुछ मिलाकर खिला रही थी और इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं, दरभंगा के एसपी जगुनाथ रेड्डी ने भी इस पूरे मामले को प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद बताया है।

