अंतरराष्ट्रीय

इजरायल में बड़ा हादसा : रॉकेट-मिसाइल इंजन बनाने वाली कंपनी के टेस्टिंग ग्राउंड में बड़ा धमाका, वीडियो वायरल

डेस्क: इजरायल (Israel) के मध्य इलाके बेइत शेमेश (Beit Shemesh) में शनिवार देर रात अचानक जोरदार धमाका (Massive Explosion) हुआ. धमाका इतना बड़ा था कि आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग घबरा गए और कुछ ही देर में आसमान काले धुएं से भर गया. यह विस्फोट इजरायल की सरकारी डिफेंस कंपनी टोमर के टेस्टिंग ग्राउंड में हुआ. यही कंपनी एरो-2 और एरो-3 जैसे मिसाइल डिफेंस सिस्टम के लिए रॉकेट इंजन बनाती है.
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होने लगे, जिनमें दूर से आग की ऊंची लपटें और धुएं का विशाल गुबार साफ नजर आ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और कुछ मिनटों तक ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा हमला हुआ हो.

हालांकि, टोमर कंपनी ने तुरंत सफाई देते हुए कहा कि यह एक “प्री-प्लांड और कंट्रोल्ड एक्सपेरिमेंट” था, जिसे तय योजना के तहत किया गया. कंपनी का दावा है कि इस घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ और न ही कोई घायल हुआ है.
लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोग और सुरक्षा मामलों के जानकार इस दावे पर सवाल उठा रहे हैं. उनका कहना है कि अगर यह सिर्फ एक तय टेस्ट था, तो आसपास के लोगों को पहले से जानकारी क्यों नहीं दी गई. इसके अलावा, धमाके के तुरंत बाद इमरजेंसी सेवाओं का मौके पर पहुंचना भी कई सवाल खड़े कर रहा है.
कुछ डिफेंस एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह रॉकेट मोटर या ठोस ईंधन की टेस्टिंग के दौरान हुआ हादसा भी हो सकता है. क्योंकि जिस जगह धमाका हुआ, वहां मिसाइल और रॉकेट प्रोपल्शन सिस्टम पर काम किया जाता है.
इस पूरे मामले को लेकर इसलिए भी ज्यादा चर्चा हो रही है क्योंकि हाल के दिनों में ईरान और इजरायल के बीच तनाव काफी बढ़ा हुआ है. ऐसे माहौल में इस धमाके ने लोगों की चिंता और अटकलों को और बढ़ा दिया है. हालांकि, फिलहाल इजरायली सरकार या सेना ने किसी हमले की पुष्टि नहीं की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *