अंतरराष्ट्रीय

यूएई दौरे में पीएम मोदी ने दिया मजबूत संदेश, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में हुए बड़े समझौते

डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की संयुक्त अरब अमीरात की संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान भारत और यूएई  (United Arab Emirates) के रिश्तों को नई मजबूती मिली। यूएई के राष्ट्रपति (Mohamed bin Zayed Al Nahyan) के साथ हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में रक्षा, ऊर्जा और बुनियादी ढांचा समेत कई क्षेत्रों में अहम समझौतों पर सहमति बनी।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ “कंधे से कंधा मिलाकर” खड़ा है। उन्होंने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी संप्रभु देश को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं हो सकता।

प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई को अपना “दूसरा घर” बताते हुए वहां मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यूएई वायुसेना द्वारा दिया गया एस्कॉर्ट भारत के 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान का प्रतीक है। साथ ही, उन्होंने कठिन परिस्थितियों और महामारी के दौरान भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए यूएई सरकार और शाही परिवार का धन्यवाद किया।
क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा संवाद और कूटनीति के माध्यम से समस्याओं के समाधान का समर्थन करता है। उन्होंने व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। भारत और यूएई ने रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के लिए नए ढांचे पर सहमति जताई, जिससे सैन्य सहयोग और सुरक्षा संबंधों को नई दिशा मिलेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण समझौते हुए। रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व और एलपीजी आपूर्ति से जुड़े समझौतों को भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार इन समझौतों से दोनों देशों के आर्थिक और सामरिक संबंध और मजबूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *