राष्ट्रीय

बाइक पर एक चोर और 2 पुलिसकर्मी… पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, तीनों की मौत

डेस्क: राजस्थान के भीलवाड़ा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. नेशनल हाईवे-48 पर मांडल चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिसकर्मियों की बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. दो पुलिसकर्मी एक बाइक पर सवार होकर एक अपराधी को लेकर जा रहे थे, तभी ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी.
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे उस समय हुआ. चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट बाइक चोरी के आरोपी छोटू भील को मांडल से भीलवाड़ा लेकर जा रहे थे. इसी दौरान मांडल चौराहे के पास तेज गति से आए ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी छोटू भील गंभीर रूप से घायल हो गया. एक अधिकारी ने बताया कि टक्कर लगने के बाद बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. घायल आरोपी को महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया. हालांकि इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया.
बताया जा रहा है कि आरोपी को ले जाने के लिए विभाग के पास उस समय कोई बड़ी सरकारी गाड़ी उपलब्ध नहीं थी. इसी कारण दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को बाइक पर ही लेकर जा रहे थे. हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं. करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *