राष्ट्रीय

CG: जिस बेटे पर था परिवार का भरोसा, उसी ने बुजुर्ग दंपति और 2 पोते-पोतियों को मार डाला

डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बुजुर्ग दंपति और उनके 2 पोते-पोतियों की हत्या कर दी गई। हत्या की खबर से फैली सनसनी के बीच पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि बुजुर्ग दंपति का बेटा ही निकला। इस मामले में पुलिस ने मृतक दंपति के बेटे सोनसाय और उसके बेटे डाकेश्वर को हिरासत में लिया है।
जिले के शिवरीनारायण पुलिस थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में निर्माणाधीन मकान के भीतर पुलिस ने आज 4 शव बरामद किए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह जब मजदूर काम के लिए वहां पहुंचे तब उन्होंने शवों को देखा और अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65), और उनके पोते-पोतियों पीतांबर कश्यप (17) व मोगरा (25) के रूप में हुई है।

शुरुआती जांच के अनुसार, मेदनी प्रसाद के 3 बेटे थे, जिनमें सोनसाय भी शामिल है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोनसाय ने पहले अपने एक भाई की हत्या कर दी थी और उस मामले में 15 साल की जेल की सजा काटी थी, जबकि दूसरे बेटे ने आत्महत्या कर ली थी। अधिकारी ने बताया कि सोनसाय ने अपने बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू के साथ मिलकर अपने माता-पिता और अपने दो मृत भाइयों के बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जब वे निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे।
पीतांबर अपने दिवंगत पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोगरा अपने पिता की इकलौती बेटी थी। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह मजदूरों ने चारपाई पर शव देखे, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। आरोपी पारिवारिक संपत्ति पर अपना एकाधिकार चाहता था और संदेह है कि उसने अन्य दावेदारों को रास्ते से हटाने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *