राष्ट्रीय

चिया सीड्स हर किसी के लिए नहीं, डॉक्टर ने बताया किन 5 लोगों को करना चाहिए परहेज

डेस्क: सेहतमंद खानपान (Healthy Eating) में चिया सीड्स (Chia Seeds) तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और पाचन को बेहतर बनाने वाले गुणों से भरपूर ये बीज कई लोगों की डाइट (Diet) का हिस्सा बन चुके हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि चिया सीड्स हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद नहीं होते। कुछ लोगों के लिए इनका सेवन नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। विशेषज्ञों ने बताया कि कुछ खास स्वास्थ्य स्थितियों में चिया सीड्स से दूरी बनाना जरूरी है। उनके मुताबिक सही मात्रा और सही तरीके से सेवन न करने पर यह परेशानी बढ़ा सकते हैं।
1. निगलने में परेशानी वाले लोग
डॉ. सेठी के अनुसार चिया सीड्स पानी सोखकर तेजी से फूलते हैं। अगर इन्हें सूखा खाया जाए तो ये गले या भोजन नली में फंस सकते हैं। जिन लोगों को निगलने में दिक्कत है या भोजन नली संकरी है, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
2. अचानक ज्यादा फाइबर लेने वाले
दो बड़े चम्मच चिया सीड्स में करीब 10 ग्राम फाइबर होता है। अगर कोई व्यक्ति अचानक ज्यादा मात्रा में फाइबर लेने लगे तो गैस, पेट फूलना और पाचन संबंधी दिक्कत हो सकती है। खासकर IBS यानी इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम से जूझ रहे लोगों में यह समस्या बढ़ सकती है।

3. ब्लड थिनर दवा लेने वाले मरीज
चिया सीड्स में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड का असर हल्के ब्लड थिनर जैसा होता है। ऐसे में जो लोग पहले से खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे हैं, उन्हें इसका अधिक सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
4. आंतों की गंभीर समस्या वाले लोग
जिन लोगों को पेट खाली होने में देरी, आंतों में रुकावट या पाचन तंत्र की गंभीर समस्या है, उनके लिए चिया सीड्स परेशानी बढ़ा सकते हैं। पानी सोखकर जेल जैसा बनने वाला इसका फाइबर कुछ मामलों में पाचन पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
5. बीजों से एलर्जी वाले लोग
हालांकि यह कम मामलों में देखा जाता है, लेकिन जिन लोगों को बीजों से एलर्जी होती है, उन्हें चिया सीड्स से परहेज करना चाहिए। इससे एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है।
सही तरीके से करें सेवन
विशेषज्ञों के मुताबिक अधिकतर लोगों के लिए चिया सीड्स सुरक्षित और लाभकारी होते हैं, लेकिन इन्हें हमेशा भिगोकर खाना बेहतर माना जाता है। चिया सीड्स अपने वजन से 10 से 12 गुना तक पानी सोख लेते हैं, इसलिए सूखा सेवन करने से बचना चाहिए।
विशेषज्ञों की सलाह –
– शुरुआत एक बड़े चम्मच से करें
– पानी, दही या किसी पेय में भिगोकर खाएं
– धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाकर दो बड़े चम्मच तक ले जाएं
सही मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर चिया सीड्स आंतों और शरीर की सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *