कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पहले ही दिन बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। शपथ ग्रहण के कुछ देर बाद रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर जोरासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान लग रहे ‘जय श्रीराम’ के नारों को रुकवा दिया।
समर्थकों की ओर से लगातार नारे लगाए जाने पर मुख्यमंत्री ने माइक से कहा, “यह ‘जय श्रीराम’ बोलने की जगह नहीं है। यहां सिर्फ कविगुरु का नाम लिया जाएगा।” उनके इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोग शांत हो गए।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अब वह किसी एक दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि पूरे बंगाल के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पहले ही राजनीतिक संघर्ष और सांस्कृतिक नुकसान झेल चुका है, इसलिए अब समय विकास और पुनर्निर्माण का है।
मुख्यमंत्री ने जोरासांको ठाकुरबाड़ी में रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा के सामने घुटने टेककर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। भाजपा सरकार बनने के बाद उनके इस संयमित संदेश को बंगाल की राजनीति में नए संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
आशुतोष झा

