खेल

T20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पिता बने, पत्नी देविशा ने बेटी को दिया जन्म

डेस्क: भारत की टी20 टीम के कप्तान (Captain of the T20 Team) और मुंबई इंडियंस (MI) के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी के घर बेटी का जन्म हुआ है. ऐसे में सूर्या 10 मई (रविवार) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ होने वाले आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) मुकाबले से बाहर रह सकते हैं.
बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव टीम के साथ रायपुर के लिए रवाना नहीं हुए हैं और फिलहाल परिवार के साथ समय बिता रहे हैं. आईपीएल 2026 में मुश्किल दौर से गुजर रहे सूर्यकुमार के लिए यह निजी जिंदगी का बेहद खास पल है. गुरुवार (7 मई) को वह पिता बने और उनके घर बेटी ने जन्म लिया.

सूर्यकुमार की खराब फॉर्म जारी
हालांकि मैदान पर उनका प्रदर्शन इस सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन यह खुशखबरी उनके लिए राहत लेकर आई है. एक समय दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में गिने जाने वाले सूर्यकुमार यादव मौजूदा आईपीएल सीजन में लय में नजर नहीं आए. उन्होंने अब तक 10 मुकाबलों में 195 रन बनाए और औसत सिर्फ 19.50 रहा. लगातार खराब फॉर्म के कारण उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा है.
पिछले मुकाबले में हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी भी की थी. ऐसे में अगर वह आरसीबी के खिलाफ नहीं खेलते, तो टीम को बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व में भी बड़ा झटका लग सकता है. मुंबई इंडियंस पहले ही पॉइंट्स टेबल में संघर्ष कर रही है. ऐसे में सूर्या जैसे अनुभवी बल्लेबाज़ का बाहर होना टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को और मुश्किल बना सकता है,
एक तरफ सूर्यकुमार यादव के घर खुशियों ने दस्तक दी है, वहीं दूसरी ओर मैदान पर उनके सामने फॉर्म में वापसी की बड़ी चुनौती भी है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ मुकाबले के लिए टीम से जुड़ते हैं या परिवार के साथ समय बिताना जारी रखते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *