मनोरंजन

Review: मनोरंजन के साथ रिश्तों की नई सोच पेश करती है फिल्म ये प्रेम मोल लिया

डेस्क: Ye Prem Mol Liya: पारिवारिक और मनोरंजक फिल्में बनाने के लिए मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या की नई फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ आखिरकार  आज यानि 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी। फिल्म का टाइटल ट्रैक और गाना ‘झुमका पटोला’ भी रिलीज से पहले काफी चर्चा में रहा। आइए जानते हैं कैसी है सूरज बड़जात्या की यह फिल्म।
कहानी
फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की कहानी प्रेम (आयुष्मान खुराना) और पूर्वा (शरवरी वाघ) की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है। शादी के बाद आमतौर पर लड़की को अपना घर छोड़कर पति के परिवार के साथ रहने और नए माहौल में खुद को ढालने की जिम्मेदारी निभाते हुए दिखाया जाता है, लेकिन यह फिल्म इस परंपरा से हटकर एक अलग नजरिया पेश करती है। कहानी में प्रेम अपनी पत्नी पूर्वा के घर में अपने परिवार के साथ रहने का फैसला करता है। इसके चलते दो अलग-अलग विचारधाराओं और पारिवारिक पृष्ठभूमि वाले परिवार एक ही छत के नीचे साथ रहने लगते हैं। इसके बाद कई तरह की चुनौतियां और उतार-चढ़ाव सामने आते हैं। कहानी उस वक्त नया मोड़ लेती है, जब मामला बढ़ते-बढ़ते अदालत तक पहुंच जाता है।
एक्टिंग
आयुष्मान खुराना प्रेम के किरदार में अच्छे लगते हैं। उन्होंने एक सरल और शांत स्वभाव वाले लड़के की भूमिका को अच्छी तरह निभाया है। हालांकि, कुछ दृश्यों में उनके एक्सप्रेशन थोड़े ज्यादा लगते हैं और वह अपने अभिनय से भावनाओं को पूरी तरह दर्शकों तक नहीं पहुंचा पाते। शरवरी वाघ फिल्म में बेहद खूबसूरत लग रही हैं और अपने किरदार में अच्छी नजर आती हैं। वहीं, अनुपम खेर ने अपने अभिनय से खास छाप छोड़ी है। उन्होंने अपने किरदार की भावनाओं को गहराई के साथ पर्दे पर उतारा है। इसके अलावा सुप्रिया पाठक कपूर, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, सुरभि तिवारी, श्रुति सेठ, जमील खान, राजेश कुमार, गिरीश कुलकर्णी और शाद रंधावा ने भी अपने-अपने किरदारों को अच्छी तरह निभाया है और फिल्म को मजबूती दी है।
निर्देशन
निर्देशक सूरज बड़जात्या ने फिल्म के जरिए परिवार, रिश्तों, संस्कारों और आपसी समझ की अहमियत को दिखाने की अच्छी कोशिश की है। फिल्म का कॉन्सेप्ट अच्छा है और यह शादी के बाद पार्टनरशिप, बराबरी और एक-दूसरे के लिए समझौता करने जैसे जरूरी मुद्दों पर बात करती है। हालांकि, निर्देशक इन भावनाओं को पर्दे पर उतने प्रभावी ढंग से पेश नहीं कर पाए हैं। फिल्म की कहानी और डायलॉग और बेहतर हो सकते थे। कई जगह कुछ चीजे ओवर महसूस होती है। भावनाओं में कम चमक धमक पर फोकस लगता है। कुल मिलाकर, सोच अच्छी है, लेकिन कमजोर कहानी और साधारण संवादों के चलते फिल्म अपना पूरा असर छोड़ने में कामयाब नहीं हो पाती।
म्यूजिक
फिल्म का म्यूजिक कहानी के साथ अच्छा तालमेल बिठाता है। टाइटल ट्रैक के अलावा ‘झुमका पटोला’, ‘जय अम्बे बोल’ और ‘बुलाये छठी मां’ जैसे गाने फिल्म के माहौल को बेहतर बनाते हैं। खासतौर पर ‘बुलाये छठी मां’ के जरिए छठ पर्व की परंपरा और उससे जुड़ी भावनाओं को दिखाने की कोशिश की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *