डेस्क : वजन घटाने के लिए जरूरी नहीं कि आप रोजाना जिम जाएं या महंगे फिटनेस उपकरणों पर पैसे खर्च करें। अगर आपकी दिनचर्या में अनुशासन और निरंतरता है, तो घर पर रहकर भी फिटनेस का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। फिटनेस इन्फ्लुएंसर अंबिका सागर की वेट लॉस जर्नी इसका एक अच्छा उदाहरण है। उन्होंने अपने 2BHK फ्लैट में ही रोजाना पैदल चलकर करीब 14 किलो वजन कम किया। उनकी ट्रांसफॉर्मेशन जर्नी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है और उन लोगों को भी प्रेरित कर रही है, जो समय या जगह की कमी के कारण एक्सरसाइज नहीं कर पाते।
2BHK फ्लैट में वॉक करके घटाया वजन
फिटनेस इन्फ्लुएंसर अंबिका सागर ने अपनी वेट लॉस जर्नी के बारे में बताते हुए खुलासा किया कि उन्होंने बिना जिम और ट्रेडमिल के अपना वजन कम करने की कोशिश की। इसके लिए उन्होंने घर के अंदर ही रोजाना चलने की आदत बनाई। अंबिका के मुताबिक, वह अपने टू-बेडरूम फ्लैट में रोजाना करीब 20,000 कदम पूरे करती थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की गई पोस्ट में बताया कि घर में चलने के लिए उन्हें किसी महंगे उपकरण की जरूरत नहीं पड़ी। बस रोजाना की निरंतरता और खुद को फिट रखने का दृढ़ संकल्प उनकी इस यात्रा में मददगार बना। उनकी यह पहल बताती है कि फिटनेस की शुरुआत करने के लिए बड़े जिम या खुली जगह का होना जरूरी नहीं है।
वजन घटाने में सिर्फ वॉकिंग ही नहीं, इन आदतों ने भी की मदद
अंबिका ने अपनी जर्नी में यह भी बताया कि केवल पैदल चलना ही उनके वजन घटाने की वजह नहीं था। इसके साथ उन्होंने खानपान पर ध्यान दिया और कैलोरी डेफिसिट को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। उनका मानना है कि वजन कम करने के लिए खुद को भूखा रखना या किसी शॉर्टकट का सहारा लेना सही तरीका नहीं है।
उनकी वेट लॉस जर्नी में ये आदतें अहम रहीं-
रोजाना पैदल चलना: उन्होंने हर दिन 20 हजार कदम चलने का लक्ष्य रखा।
खाने पर कंट्रोल: उन्होंने अपनी डाइट और खाने की मात्रा पर ध्यान दिया।
कैलोरी डेफिसिट: शरीर की जरूरत के मुकाबले कम कैलोरी लेने पर ध्यान दिया।
निरंतरता और अनुशासन: बिना लंबे ब्रेक के अपनी फिटनेस रूटीन जारी रखने की कोशिश की।
सकारात्मक सोच: उन्होंने शारीरिक बदलाव के साथ आत्मविश्वास और खुद से प्यार करने को भी अपनी जर्नी का अहम हिस्सा बताया।
क्या रोजाना वॉक करने से कम हो सकता है वजन?
जी हां, नियमित रूप से पैदल चलना वजन घटाने में मददगार हो सकता है। दरअसल, वॉकिंग एक ऐसी फिजिकल एक्टिविटी है, जिसे ज्यादातर लोग आसानी से अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। इससे शरीर की कैलोरी खर्च करने की क्षमता बढ़ती है और दिल की सेहत को भी फायदा मिल सकता है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के मुताबिक, शारीरिक गतिविधि के साथ खानपान में कैलोरी की मात्रा को संतुलित रखने से वजन घटाने में मदद मिलती है। वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट की मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा सप्ताह में दो दिन मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज भी जरूरी है।
क्या हर किसी के लिए 20 हजार कदम चलना जरूरी है?
अंबिका सागर की जर्नी से प्रेरणा जरूर ली जा सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को शुरुआत से ही रोजाना 20 हजार कदम चलने चाहिए। हर व्यक्ति की उम्र, वजन, शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति अलग होती है। इसलिए अपनी क्षमता के अनुसार धीरे-धीरे वॉकिंग का समय और कदम बढ़ाना बेहतर है। अगर आप लंबे समय से फिजिकल एक्टिविटी नहीं कर रहे हैं, तो शुरुआत कम कदमों से करें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या फिटनेस एक्सपर्ट की सलाह लें। याद रखें, वजन घटाने का कोई जादुई शॉर्टकट नहीं है। नियमित एक्सरसाइज, संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद और अनुशासित लाइफस्टाइल लंबे समय तक फिट रहने में मदद कर सकते हैं।



