डेस्क: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ व सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि हरियाणा ओपन स्कूल की 10वीं 12वीं कक्षा की मार्च में होने वाली फ्रैश श्रेणी की परीक्षा के परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क 30 सितम्बर निर्धारित की गई थी जो बोर्ड द्वारा बिना विलंब शुल्क ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्तूबर कर दी है। जो परीक्षार्थी किसी कारण निर्धारित अवधि में अपना आवेदन नहीं कर पाए हैं वे ओपन स्कूल की मार्च में होने वाली परीक्षा के लिए शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
परीक्षा के आवेदन पंजीकरण में यू.डी.आई.एस.ई. कोड अनिवार्य बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि उप-महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा जारी पत्र अनुसार सभी विद्यालयी विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्रों पर संबंधित विद्यालय या संस्थान का यू.डी.आई.एस.ई. कोड अंकित किया जाना आवश्यक है।
इसी के तहत हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आगामी मार्च-2027 में होने वाली माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं के लिए आमंत्रित किए जाने वाले आवेदन-पत्रों में विद्यालय या संस्थान का यू.डी. आई.एस.ई. कोड भरना अनिवार्य किया गया है। बोर्ड द्वारा इस दिशा-निर्देश को अति आवश्यक क माना गया है।


