स्थानीय

दरभंगा : नहीं रहे LNMU सेंट्रल लाइब्रेरी के पुस्तकालय सहायक रजनीश मिश्रा

दरभंगा (निशांत झा) : मिथिला विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय के पुस्तकालय सहायक रजनीश मिश्रा (50) का कल शाम निधन हो गया। उनके निधन की खबर को सुन सब स्तब्ध रह गए। विश्वविद्यालय मुख्यालय से लेकर कॉलेजों तक में शोक की लहर दौड़ गई। रजनीश मिश्रा दरभंगा जिला के सदर प्रखंड के नारायणपुर गांव के मूल निवासी थे और लक्ष्मीसागर में सपरिवार रहते थे। पिछले दिनों उन्हें मामूली सर्दी-बुखार हुआ जो बढ़ता चला गया। इसके बाद उन्हें दरभंगा के सिटी अस्पताल लाया गया, जहां उनकी तबीयत में तेजी से सुधार भी होने लगा था। कल दोपहर बाद पुनः उनकी स्थिति बिगड़ने लगी और शाम होते-होते अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में आज दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। रजनीश मिश्रा जनवरी, 2011 से मिथिला विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय के पुस्तकालय सहायक के पद पर कार्यरत थे। अपने 14 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने अपने व्यक्तित्व की मिथिला विश्वविद्यालय के शोधार्थियों, विद्यार्थियों, आचार्यों व कर्मियों पर अमिट छाप छोड़ी। अपने पीछे वह अपनी पत्नी को छोड़ गए हैं। आज शाम उनका अंतिम संस्कार सतीस्थान, शुभंकरपुर, दरभंगा में किया गया। उनके भतीजे ने उन्हें मुखाग्नि दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *